आगरा में दहेज के लोभी दानवों ने ली विवाहिता की जान: ट्रांस यमुना पुलिस ने पति और सास को दबोचा
जनपद आगरा:- ताजनगरी के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में दहेज की बलि चढ़ी एक विवाहिता के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पति और उसकी मां (सास) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त मिली जानकारी के अनुसार, वादिया (मृतका की माँ) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी को उसके ससुराल वाले कम दहेज लाने के ताने देते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। बीती 23 अप्रैल 2026 को वादिया को सूचना मिली कि उनकी बेटी की हालत गंभीर है। जब वह अपनी बेटी के ससुराल पहुँचीं तो पता चला कि दहेज के उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने फांसी लगा ली, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकद्दमा संख्या- 163/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रांस यमुना थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार, 25 अप्रैल को घेराबंदी की। पुलिस ने 80 फुटा रोड से होते हुए सीएनजी पंप (100 फुटा रोड) के पास से दोनों मुख्य आरोपियों शिवम पुत्र स्व. प्रेमकुमार (मृतका का पति) मृतका की सास, निवासी पुष्प विहार कॉलोनी, कालिंदी विहार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 और SC/ST एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत कार्यवाही की है।