बंद घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर दबोचा, नगदी बरामद
जनपद आगरा:-पुलिस कमिश्नरेट आगरा की थाना मदन मोहन गेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए 4000 रुपए नगद बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 19 अप्रैल 2026 को थाना मदन मोहन गेट क्षेत्र के निवासी वादी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे। अगले दिन 20 अप्रैल की सुबह जब वे वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। घर के अंदर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
डीसीपी सिटी ज़ोन के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमांशु पुत्र सुनील निवासी नाला मोती कटरा को एस.एन. मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री के पास से धर दबोचा। पूछताछ में हिमांशु ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों अमित और छोटू के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हिमांशु का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस अमित और छोटू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।