संजय प्लेस के स्काई टावर में भीषण आग, करोड़ों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 18 अप्रैल 2026

संजय प्लेस के स्काई टावर में भीषण आग, करोड़ों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

संजय प्लेस के स्काई टावर में भीषण आग, करोड़ों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

आगरा। शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाके संजय प्लेस स्थित स्काई टावर कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग एक्सट्रीम इन्फोटेक नामक दुकान के गोदाम में लगी, जहां कंप्यूटर, लैपटॉप और सीसीटीवी उपकरण भारी मात्रा में रखे हुए थे।

आग लगते ही पूरे कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदार और ग्राहक अपनी जान बचाकर बाहर भागे, जबकि कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और आसपास भगदड़ जैसे हालात बन गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि आग बेहद तेज थी और यदि दमकल की टीमें समय पर नहीं पहुंचतीं, तो पूरा कॉम्प्लेक्स इसकी चपेट में आ सकता था।

इस हादसे में दुकान के मालिक हरविंदर सिंह को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अनुमान है कि आग में करोड़ों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद वह सदमे में हैं और फिलहाल किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं।

फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग की टीमें आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हैं। इस घटना के बाद मार्केट में फायर सेफ्टी इंतजामों और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

video

Pages