शाहगंज में बेजुबान पर दरिंदगी: कुत्ते की हत्या कर घर में छुपाया शव, आरोपी गिरफ्तार
आगरा। शहर के शाहगंज थाना क्षेत्र के सिद्ध साहनी नगर में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। यहां एक व्यक्ति ने कुत्ते की बेरहमी से हत्या कर उसका शव अपने घर में छुपा दिया।
मामले के अनुसार, इलाके के लोगों ने कई घंटों तक कुत्ते की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच आरोपी के घर से तेज बदबू आने लगी, जिससे पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अंदर से कुत्ते का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कल्लू ने धारदार हथियार से कुत्ते की हत्या की और पकड़े जाने के डर से शव को घर में ही छुपा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी कुत्ते के साथ मारपीट करता था, लेकिन इस बार उसने क्रूरता की हदें पार कर दीं। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।