खन्दौली की वृहद गौशाला का औचक निरीक्षण, गोबर से अगरबत्ती बनाने की यूनिट होगी स्थापित
आगरा:- मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास खण्ड खन्दौली स्थित वृहद गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंश के अपशिष्ट (गोबर व मूत्र) से अगरबत्ती और धूपबत्ती बनाने के लिए स्थापित किए जा रहे उपक्रम की प्रगति का जायजा लिया गया।
यह उपक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित उजाला प्रेरणा महिला संकुल समिति, रामनगर द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का सहयोग तथा दिव्य प्रेम एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की भागीदारी से उत्पादन इकाई स्थापित की जा रही है।
धौरऊ स्थित इस वृहद गौशाला का संचालन शिवांग फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि इस उपक्रम में कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण कराया जाए।
इसके साथ ही उपक्रम स्थल पर पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समरसेबल और आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश ग्राम प्रधान व सचिव को दिए गए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार रोस्टर में परिवर्तन कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि जिस शेड में अगरबत्ती और धूपबत्ती निर्माण का कार्य होगा, वहां पंखे, लाइट और अन्य आवश्यक विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उत्पादन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
यह पहल न केवल गौशाला प्रबंधन को सुदृढ़ करेगी, बल्कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी।