आगरा में गैस सिलेंडर को लेकर बवाल: एजेंसी पर दो बहनों की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया एक्शन
आगरा: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नुनिहाई स्थित सरला गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने पहुंचीं दो सगी बहनों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए हैं। मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि नरायच के गुलाब नगर निवासी शेर सिंह की पत्नी सुनीता ने 18 मार्च को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, जिसका मैसेज 1 अप्रैल को उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ। इसके बावजूद उन्हें लगातार एजेंसी और हॉकरों के बीच भटकाया जाता रहा। कभी कहा गया कि सिलेंडर हॉकर के पास है तो कभी एजेंसी से लेने को कहा गया।
आरोप है कि दो दिन पहले गैस खत्म होने के बाद सुनीता अपनी बहन अनीता के साथ शनिवार को एजेंसी पहुंचीं। वहां भी उन्हें वही जवाब मिला कि सिलेंडर हॉकर को दे दिया गया है। जब उन्होंने हॉकर अजय से संपर्क किया तो उसने सिलेंडर देने से इनकार कर दिया और अभद्रता करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोप है कि एजेंसी मैनेजर के इशारे पर हॉकरों ने दोनों बहनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, बचाव में पहुंचे उनके भाई को भी नहीं छोड़ा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों की मनमानी और लापरवाही के कारण आम जनता को परेशान होना पड़ता है। प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।