नए डीएम का सख्त रुख: जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर फटकार, सुधार के दिए कड़े निर्देश
आगरा। जनपद के नए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को उन्होंने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और खामियों पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
डीएम ने ओपीडी, ब्लड टेस्ट लैब, इमरजेंसी, सर्जरी वार्ड, पीडियाट्रिक, महिला व बच्चों के वार्ड, हड्डी रोग विभाग, एंटी रेबीज सेंटर और डायलिसिस भवन समेत पूरे परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
ओपीडी में अव्यवस्था पर नाराजगी
ओपीडी में भारी भीड़, अफरातफरी और अव्यवस्थित लाइनें देखकर जिलाधिकारी ने सीएमएस और अस्पताल प्रबंधन से जवाब तलब किया। अमरनाथ यात्रियों की वजह से भीड़ बढ़ने की दलील पर उन्होंने असंतोष जताया और पर्ची सिस्टम में सुधार, दवाओं की उपलब्धता और एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिना एप्रन डॉक्टर, कुर्सियों पर सोते मरीज
निरीक्षण के दौरान कई डॉक्टर और वार्ड बॉय बिना एप्रन के मिले, जबकि मरीज बैठने की कुर्सियों पर सोते हुए पाए गए। अस्पताल में विभिन्न वार्डों और विभागों की जानकारी के लिए उचित साइनेज का अभाव भी मिला। पुरानी डॉक्टरों की सूची लगी होने और डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
सफाई, पेयजल और साइनेज सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अस्पताल मैनेजर को निर्देश दिए कि हर वार्ड के बाहर डस्टबिन रखे जाएं, पूरे परिसर की उच्च स्तरीय सफाई सुनिश्चित की जाए, सभी मंजिलों पर पेयजल व वाटर कूलर की व्यवस्था हो। साथ ही एंट्री गेट पर स्पष्ट बोर्ड लगाए जाएं, जिसमें ओपीडी, डॉक्टरों के नाम, वार्ड और लैब की जानकारी हो।
मरीजों से भी लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों और तीमारदारों से दवाइयों, इलाज और भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अधिकांश लोगों ने बताया कि डॉक्टर व नर्स समय से इलाज कर रहे हैं, दवाएं उपलब्ध हैं और भोजन भी समय पर मिल रहा है।
डीएम मनीष बंसल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि वह आगे भी लगातार निरीक्षण करते रहेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. सुनीता राठौर, अस्पताल मैनेजर मोहित भारती सहित अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।