"सरहद के रक्षकों को अब देश के भीतर के खतरों से लड़ना होगा" — शब्बीर अब्बास - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 20 अप्रैल 2026

"सरहद के रक्षकों को अब देश के भीतर के खतरों से लड़ना होगा" — शब्बीर अब्बास

"सरहद के रक्षकों को अब देश के भीतर के खतरों से लड़ना होगा" — शब्बीर अब्बास

आगरा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक पहल देखने को मिली, जब समाजवादी विचारधारा से प्रेरित होकर दर्जनों पूर्व सैनिकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान सभी पूर्व सैनिकों का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और उन्हें संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर ने न केवल संगठन को मजबूती दी, बल्कि राष्ट्र सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत भी दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शब्बीर अब्बास ने कहा कि हमारे जांबाज सैनिकों ने अपना संपूर्ण जीवन देश की सीमाओं की रक्षा में समर्पित किया है, लेकिन आज समय की मांग है कि उनकी भूमिका केवल सरहद तक सीमित न रहकर देश के भीतर भी सक्रिय हो। उन्होंने कहा कि देश के सामने इस समय सबसे बड़ा खतरा जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति से है, जो समाज को कमजोर करने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों का आह्वान किया कि जिस तरह उन्होंने सीमा पर दुश्मनों को परास्त किया, उसी तरह अब समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ भी मजबूती से खड़े हों और देश की एकता और अखंडता की रक्षा करें।

शब्बीर अब्बास ने विश्वास जताया कि पूर्व सैनिकों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति जैसे गुण पूर्व सैनिकों की सबसे बड़ी ताकत हैं, जो संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता पप्पू यादव एवं देवेन्द्र सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही गुड्डी भारती, विनोद श्रोत्रिया, जमील खान, मौ. जमील सिद्दीकी, फहीम उस्मानी सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह एवं महानगर अध्यक्ष कमलेश कुमार ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में सैनिक प्रकोष्ठ के प्रमुख पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन सफल और प्रभावशाली बना।

video

Pages