सांसद राजकुमार चाहर ने सीएम योगी से की मुलाकात, आगरा क्षेत्र के विकास के लिए रखे कई अहम प्रस्ताव - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 12 अप्रैल 2026

सांसद राजकुमार चाहर ने सीएम योगी से की मुलाकात, आगरा क्षेत्र के विकास के लिए रखे कई अहम प्रस्ताव

सांसद राजकुमार चाहर ने सीएम योगी से की मुलाकात, आगरा क्षेत्र के विकास के लिए रखे कई अहम प्रस्ताव

आगरा। राजकुमार चाहर, सांसद फतेहपुर सीकरी एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ने शनिवार को लखनऊ स्थित कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुलाकात के दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री को बाबा नीम करौरी जी की ‘अलौकिक यथार्थ’ पुस्तक भेंट की और क्षेत्रीय विकास पर विस्तृत चर्चा की।

आगरा में बैराज निर्माण पर जोर
सांसद चाहर ने आगरा में बैराज निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि बाह क्षेत्र में बड़ी कंपनियों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, क्योंकि एनजीटी और टीटीजेड नियमों के चलते आगरा में उद्योग स्थापना सीमित है।

खारी नदी पर पुल और सड़क समस्या का मुद्दा
सांसद ने खारी नदी (जैंगारा-बसैया बोवल मार्ग) पर पुल निर्माण की मांग रखते हुए हाल ही में हुई दुर्घटना का उल्लेख किया। इसके अलावा आगरा–ग्वालियर मार्ग पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक बजट आवंटन की मांग भी की।

बाह में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और आईटी पार्क का प्रस्ताव
चाहर ने बाह क्षेत्र में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही यूपीएसआईडीसी द्वारा वर्ष 2007-08 में अधिग्रहित 111 हेक्टेयर निष्क्रिय पड़ी लेदर पार्क की भूमि को आईटी पार्क में परिवर्तित करने का सुझाव दिया, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

सड़क चौड़ीकरण और नई सड़कों पर चर्चा
सांसद ने अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नई सड़कों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन पर प्राथमिकता के आधार पर जल्द कार्यवाही शुरू की जाएगी।

video

Pages