आगरा: युवती से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में युवती के साथ अभद्रता और जबरन ले जाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिया ने थाना एत्माद्दौला में सूचना दी कि उसकी बेटी के मना करने के बावजूद आरोपी परवेज और उसके परिवार द्वारा लगातार शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था और धमकियां दी जा रही थीं।
घटना 28 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है, जब आरोपी परवेज पीड़िता के घर पहुंचा और लड़की को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने वादिया की दोनों बेटियों के साथ मारपीट और गाली-गलौच की। इतना ही नहीं, उसने बड़ी बेटी को जबरन घर से बाहर भी ले गया।
इस मामले में थाना एत्माद्दौला पर तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 114/2026 के तहत धारा 74, 333, 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस में केस दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी परवेज को शम्भू नगर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में संलिप्त एक महिला आरोपी को भी हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।