मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने आगरा में दिव्यांग छात्रों को बांटे सहायक उपकरण, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
आगरा। आगरा में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 50 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
इस दौरान 25 एमआर किट, 6 ब्रेल किट और 19 श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) बच्चों को प्रदान किए गए। मंत्री ने सभी दिव्यांग छात्रों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया और फल वितरण भी किया।
कार्यक्रम में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांग बच्चों के साथ हर कदम पर खड़ी है और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सस्ती ऋण सुविधा और विभिन्न स्किल ट्रेनिंग के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। आज दिव्यांगजन खेल, कंप्यूटर, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कॉक्लियर इम्प्लांट से लाभान्वित 4 बच्चों और उनके परिजनों से भी मंत्री ने बातचीत की और उनकी प्रगति के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर उपनिदेशक शैलेन्द्र श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विजयलक्ष्मी, समन्वयक बचपन डे केयर सेंटर दिलीप यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।