आगरा में मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: अवैध संबंधों के चलते मां ने ही ली बेटी की जान, गिरफ्तार
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र में यमुना आरती स्थल के पास नाली में मिली मासूम बच्ची की लाश के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के आरोप में बच्ची की मां को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
नाली में मिला था बच्ची का शव
मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे यमुना किनारा मार्ग स्थित यमुना आरती स्थल के पास एक नाली में करीब तीन वर्षीय बच्ची का शव पड़ा मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना छत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
पुलिस ने बच्ची की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। देर रात एक व्यक्ति थाना छत्ता पहुंचा और फोटो देखकर बच्ची की पहचान अपनी बेटी ‘खुशी’ के रूप में की।
पिता ने मां पर लगाया हत्या का आरोप
नगला धाकरान निवासी रामू धाकड़ ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नवंबर 2023 में बिहार के हरीनगर निवासी ममता से हुई थी। नवंबर 2024 में उनकी बेटी खुशी का जन्म हुआ था। रामू के अनुसार, उसकी पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध थे और वह अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी।
घटना वाले दिन ममता सुबह करीब 11 बजे बच्ची को डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद रामू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मां गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए आरोपी मां ममता को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों के चलते बच्ची की हत्या का माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।