खेत जोतते समय रोटावेटर की चपेट में आया युवक, दर्दनाक मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
आगरा। थाना शमसाबाद क्षेत्र के बड़ोबरा खुर्द गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेत की जुताई कर रहा युवक रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय सत्यप्रकाश पुत्र विपत्तिराम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सत्यप्रकाश बुधवार को ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से गिरकर पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया। रोटावेटर के तेज ब्लेडों से कटकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर एसीपी शमसाबाद मयंक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया।
अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।