नगला जार में गूंजे शिक्षा के नारे: ब्लॉक प्रमुख ने बांटी पुस्तकें, बच्चों ने रैली निकालकर जगाई अलख
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- विकास खंड खंदौली के प्राथमिक विद्यालय नगला जार में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूल चलो अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान न सिर्फ छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया, बल्कि बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गईं।
शिक्षा ही समाज की उन्नति का आधार: आशीष शर्मा
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख खंदौली आशीष शर्मा ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति का एकमात्र आधार है। उन्होंने अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे, इसलिए हर अभिभावक अपने बच्चे का नामांकन विद्यालय में अवश्य सुनिश्चित कराए।
शत-प्रतिशत नामांकन के निर्देश
खंड शिक्षा अधिकारी धर्मराज सरोज ने सरकार द्वारा संचालित विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर सर्वे करें और क्षेत्र में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त करें। वहीं रमाशंकर पाराशर ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रैली के जरिए जगाई शिक्षा की अलख
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधानाध्यापिका विमलेश देवी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता रैली निकाली। बच्चों के गूंजते नारों ने ग्रामीणों का ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।