आगरा: ताजगंज में भीषण आग से ‘राधा मोहन साड़ी सेंटर’ जलकर खाक, लाखों का नुकसान
आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र के राठौर मंदिर के पास तुलसी चबूतरा के पीछे स्थित बस्ती में सोमवार सुबह अचानक लगी भीषण आग ने एक परिवार की रोजी-रोटी छीन ली। आग की चपेट में आकर ‘राधा मोहन साड़ी सेंटर’ पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय एक घर में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान और दुकान का पूरा माल कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। दुकान के संचालक सनी के मुताबिक, करीब 4 से 5 लाख रुपये का साड़ी का माल और नकदी आग में नष्ट हो गई।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और सनी वर्षों से छोटे स्तर पर साड़ी का व्यापार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। इस हादसे ने परिवार की पूरी जमा-पूंजी और भविष्य की उम्मीदों को गहरा झटका दिया है।
घटना के समय घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही भाजपा नेता राजेश राठौर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
राजेश राठौर ने बताया कि आग में दुकान का सारा माल और नकदी जल गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के दौरान घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपना व्यापार शुरू कर सकें और सामान्य जीवन जी सकें।