बरहन पंचायत के होनहार विष्णु बघेल ने यूपी बोर्ड परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे, क्षेत्र का नाम किया रोशन
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में बरहन पंचायत के ग्राम गढ़ी भंडार के रहने वाले विष्णु बघेल ने असाधारण सफलता हासिल की है। विष्णु ने 92.17% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का मान बढ़ाया, बल्कि पूरी बरहन पंचायत में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया है।
पंडित सत्यदेव आदर्श इंटर कॉलेज बरहन के छात्र विष्णु बघेल की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। विष्णु ने अपनी मेहनत और मेधा का परिचय देते हुए यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और उसे पाने का जुनून हो, तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। विष्णु की इस शानदार उपलब्धि से उनके विद्यालय के साथ-साथ उनके गांव गढ़ी भंडार का नाम भी प्रदेश स्तर पर चमका है।
पोस्टर के माध्यम से क्षेत्रवासियों और विद्यालय प्रबंधन ने विष्णु को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि विष्णु शुरू से ही एक प्रतिभाशाली और अनुशासित छात्र रहे हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।