आंबेडकर जयंती यात्रा में नारेबाजी पर बवाल: परशुराम चौक पर झंडे लगाने वाले युवक चिन्हित, पुलिस तैनात - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 15 अप्रैल 2026

आंबेडकर जयंती यात्रा में नारेबाजी पर बवाल: परशुराम चौक पर झंडे लगाने वाले युवक चिन्हित, पुलिस तैनात

आंबेडकर जयंती यात्रा में नारेबाजी पर बवाल: परशुराम चौक पर झंडे लगाने वाले युवक चिन्हित, पुलिस तैनात

आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई यात्रा के दौरान सिकंदरा क्षेत्र के परशुराम चौक पर हुए घटनाक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ युवकों द्वारा चौक पर चढ़कर झंडे लगाने और नारेबाजी करने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर फोर्स तैनात कर दी है और आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आवास विकास क्षेत्र से दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक रैली के रूप में युवक नीले झंडे लेकर निकले थे। इसी दौरान कुछ युवक परशुराम चौक पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर बाद सभी वहां से चले गए, लेकिन इसकी सूचना मिलते ही ब्राह्मण समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।

समाज के लोगों ने चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ने, झंडे लगाने और नारेबाजी करने को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कुछ समय के लिए लोग धरने पर भी बैठ गए।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने चौक पर चढ़कर नारेबाजी की और झंडे लहराए, लेकिन वहां किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चौक पर कोई मूर्ति भी स्थापित नहीं है।

पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या भावनाएं आहत करने वालों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

video

Pages