सीओडी मैदान में चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

सीओडी मैदान में चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सीओडी मैदान में चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

आगरा। थाना सदर क्षेत्र स्थित सीओडी मैदान में एक चौकीदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात पुलिस को मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव खून से लथपथ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

शुक्रवार सुबह नगला भवानी क्षेत्र के लोग थाना पहुंचे और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि मोहन सिंह (50), जो पेशे से चौकीदार थे, गुरुवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे और आमतौर पर रात 11 बजे तक लौट आते थे, लेकिन उस दिन वापस नहीं आए।

पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा, जहां शव की पहचान मोहन सिंह के रूप में हुई। मृतक के बेटे हर्ष ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या की गई है।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, शव के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं और हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।

video

Pages