फतेहाबाद में लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार रुपये बरामद
आगरा:- थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन कमिश्नरेट आगरा की संयुक्त टीम ने लूट की घटना में फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूटे गए 10,000 रुपये बरामद हुए हैं।
7 मार्च 2026 को वादी ने थाना फतेहाबाद में तहरीर दी थी कि 6 मार्च को शाम करीब 5:20 बजे वह अपने चाचा के साथ खेत का बैनामा कर मोटरसाइकिल से तहसील फतेहाबाद से घर जा रहा था। रास्ते में अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पीछे से हॉर्न दिया। साइड देने के लिए मोटरसाइकिल धीमी करने पर बदमाशों ने वादी के चाचा के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मोटरसाइकिल मोड़कर भाग गए। इस घटना पर थाना फतेहाबाद में मु0अ0सं0 57/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
20 मई को थाना फतेहाबाद पुलिस टीम क्षेत्र में चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में संलिप्त अभियुक्त अवंतीबाई तिराहे पर खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेश उर्फ रामनरेश पुत्र सोमवीर निवासी ग्राम गोरे की ठार महल बादशाही थाना बमरौली कटारा को अवंतीबाई तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 10,000 रुपये बरामद हुए।
गौरतलब है कि इसी प्रकरण में 11 मार्च 2026 को थाना फतेहाबाद पुलिस, थाना डौकी पुलिस और सर्विलांस/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर तीन अन्य अभियुक्त वेद प्रकाश पुत्र छोटेलाल, श्याम सिंह पुत्र नेमीचंद व रविन्द्र पुत्र पप्पू को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी नरेश उर्फ रामनरेश पर पहले से थाना बमरौली कटारा में सार्वजनिक जुआ अधिनियम का मुकदमा 55/23 दर्ज है। वर्तमान केस में भी धारा 3(5)/309(4)/112(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।