आगरा में मोबाइल टावर से RRU चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गैंग गिरफ्तार, 5 आरोपी पकड़े - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 21 मई 2026

आगरा में मोबाइल टावर से RRU चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गैंग गिरफ्तार, 5 आरोपी पकड़े

आगरा में मोबाइल टावर से RRU चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गैंग गिरफ्तार, 5 आरोपी पकड़े

आगरा:- थाना जगदीशपुरा पुलिस ने मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक RRU, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, चोरी के औजार और 12,130 रुपये नकद बरामद किए हैं।

18 मई को अजय एस टेलीकॉम सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के टेक्नीशियन ने थाना जगदीशपुरा में सूचना दी थी कि 11 मई की रात इंद्रप्रस्थ कॉलोनी बोदला में एयरटेल के स्मॉलसेल टावर से अज्ञात चोरों ने एक RRU चोरी कर लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 328/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 

गठित पुलिस टीम ने 19 मई को मुखबिर की सूचना पर सेक्टर 06 आवास विकास कॉलोनी से सेक्टर 07 की तरफ जाने वाले रास्ते के बीच खाली मैदान से पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष राघव निवासी गोविन्दपुर थाना डिबाई बुलन्दशहर, दानिश निवासी शहीद नगर साहिबाबाद गाजियाबाद, सुभाष कुमार निवासी गोविन्दपुर फिरोजाबाद, मनजीत सिंह निवासी जमालपुर एटा और सुखबीर निवासी गोविन्दपुर बुलन्दशहर शामिल हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि सुखबीर और मनजीत ने बोदला आगरा में मोबाइल टावर की रेकी की थी। इसके बाद आशीष, दानिश व सुभाष के साथ मिलकर 11 मई को बोदला में पेट्रोल पम्प के सामने घर का ताला तोड़कर बगल वाले घर की छत पर जाकर मोबाइल टावर का RRU चोरी कर लिया और बेचने के लिए ले गए। गैंग ने हरियाणा के गुरुग्राम के पाली हरियाणा इलाके में भी एक मोबाइल टावर से RRU चोरी करना स्वीकार किया। बरामद स्कूटी दानिश की है जिसका उपयोग चोरी में किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कूटी, एक RRU, चार प्लास, ब्लेड, चाबियां, एल-की, पाना, सब्बल, बड़ी एल टाईप छड़, प्रेशर पाना, चार मोबाइल फोन, दो बैग, कुछ कपड़े और 12,130 रुपये बरामद किए हैं। 

मुख्य आरोपी आशीष राघव पर बुलन्दशहर, खुर्जा, स्याना और सिकन्दराबाद थानों में गैंगस्टर एक्ट समेत कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। सुभाष कुमार पर भी डिबाई थाने में केस दर्ज है। बाकी आरोपियों मनजीत, सुखबीर और दानिश पर भी जगदीशपुरा थाने में चोरी के मुकदमे कायम हुए हैं। 

इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। कमिश्नरेट आगरा पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय गैंग पर की गई यह कार्रवाई मोबाइल कंपनियों को करोड़ों का नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

video

Pages