आगरा में दोपहिया वाहन चोरी कर पार्ट्स बेचने वाला गैंग पकड़ा, 5 गिरफ्तार
आगरा:- थाना एमएम गेट पुलिस, सर्विलांस व एसओजी नगर जोन की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो वाहन चोर और चोरी के वाहन खरीदने वाले तीन अभियुक्तों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, 73,400 रुपये नकद, 7 इंजन, 7 हैंडल, 11 रिम मय टायर, 7 साइलेंसर, 3 रिम और एक मास्टर चाबी बरामद हुई है।
17 अप्रैल को थाना एमएम गेट में सूचना मिली थी कि 13 अप्रैल को वादी ने आर्ट सेंटर के बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल गायब पाई। इस पर मु0अ0सं0 21/2026 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज हुआ। इसी तरह 9 मई को वादी ने बताया कि 5 मई को घर के बाहर से उसकी बाइक चोरी हो गई, जिसमें मु0अ0सं0 29/2026 दर्ज किया गया।
20 मई को गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लेडी लायन हॉस्पिटल के पास से शकीलुद्दीन पुत्र सिकंदर निवासी आजमपाड़ा थाना शाहगंज और सलाउद्दीन उर्फ सलमान पुत्र दौलत निवासी मोहम्मद सराय खेरिया मोड़ को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की एक बाइक, 34,500 रुपये और मास्टर चाबी मिली।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मिलकर शहर में जगह-जगह से दोपहिया वाहन चुराते हैं और प्रत्येक वाहन को परिक्षित उर्फ प्रकाश पुत्र श्रीराम निवासी कौलक्खा थाना एकता को 8,000 रुपये में बेच देते हैं। परिक्षित अपने साथी पवन राठौर पुत्र मोहर सिंह और बब्लू पुत्र गया प्रसाद निवासी बल्देव नगर के साथ मिलकर चोरी के वाहनों के इंजन नंबर घिस देता है और सभी पार्ट्स अलग कर कबाड़ में बेच देता है।
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने इनर रिंग रोड से परिक्षित उर्फ प्रकाश, पवन राठौर और बब्लू को भी गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों के पास से 38,900 रुपये, 7 इंजन, 7 हैंडल, 11 रिम मय टायर, 7 साइलेंसर व 3 रिम बरामद हुए। कुल बरामदगी 73,400 रुपये की हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त शकीलुद्दीन पर थाना एकता, मदन मोहन गेट, सदर बाजार, न्यू आगरा और हरीपर्वत में चोरी व शस्त्र अधिनियम के 10 मुकदमे दर्ज हैं। सलाउद्दीन उर्फ सलमान पर भी विभिन्न थानों में 11 केस दर्ज हैं। परिक्षित उर्फ प्रकाश पर एकता, मदन मोहन गेट, सदर बाजार, न्यू आगरा और ताजगंज थानों में 9 मुकदमे हैं। पवन राठौर व बब्लू पर भी कई थानों में चोरी के केस दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अमर राणा, उ0नि0 अभिषेक तिवारी प्रभारी सर्विलांस, उ0नि0 सोहनपाल सिंह प्रभारी एसओजी, उ0नि0 विनीत कुमार, शुभम काम्बोज, मोहित कुमार, योगेश सैनी, कृष्ण कुमार, अतुल, मोहित सैनी और सर्विलांस टीम के एएसआई आशीष शाक्य, है0का0 रूस्तम सागर, का0 प्रिंस कौशिक, संदीप कुमार, मंगल सिंह, शुभम चौधरी समेत पूरी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस टीम अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।