ताजमहल के आसपास सक्रिय लपकों पर पर्यटन पुलिस का शिकंजा, 17 गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 18 मई 2026

ताजमहल के आसपास सक्रिय लपकों पर पर्यटन पुलिस का शिकंजा, 17 गिरफ्तार

ताजमहल के आसपास सक्रिय लपकों पर पर्यटन पुलिस का शिकंजा, 17 गिरफ्तार

आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के आसपास पर्यटकों को परेशान कर रहे लपकों और हॉकरों के खिलाफ थाना पर्यटन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ताजमहल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि ये लपके देशी-विदेशी पर्यटकों को बहकावे में लेकर उनसे अधिक पैसे वसूलते थे। कई आरोपी खुद को गाइड, होटल एजेंट या फोटोग्राफर बताकर पर्यटकों को दुकानों और होटलों तक ले जाते थे, जहां उनसे मनमाने दाम वसूले जाते थे। पर्यटकों से अभद्रता और जबरन खरीदारी कराने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं। लंबे समय से ताजमहल क्षेत्र में लपकों की सक्रियता पर्यटन विभाग और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

थाना पर्यटन पुलिस द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर अनुभव को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया था। अभियान के दौरान 17 लपकों और हॉकरों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ताजमहल आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वहीं पुलिस की कार्रवाई के बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली है, जबकि ताजमहल क्षेत्र में सक्रिय लपकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से आगरा की पर्यटन छवि मजबूत होगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का भरोसा भी बढ़ेगा।

video

Pages