आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन, प्रशिक्षुओं को मिले आधुनिक शिक्षण के गुर
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) आगरा में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, खंदारी कैंपस आगरा के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यशाला में डीएलएड बैच-2025 के 90 से अधिक प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग करते हुए एआई आधारित आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षुओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इतिहास, मशीन लर्निंग, जेनरेटिव एआई, चैट जीपीटी, जेमीनाई, कैनवा एआई, वर्ड एवं एक्सेल में एआई का उपयोग, डाटा सिक्योरिटी, शिक्षा में एआई की उपयोगिता तथा प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप तैयार करना रहा।
डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में यह कार्यशाला आयोजित की गई, ताकि प्रशिक्षु वर्तमान समय की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखते हुए शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बना सकें।
कार्यशाला के पांचवें दिन प्रथम सत्र में श्वेता लवानिया ने साइबर सिक्योरिटी विषय पर प्रशिक्षण देते हुए सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने और विभिन्न एप्स डाउनलोड करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। वहीं अंतिम सत्र में कार्यशाला समन्वयक डॉ. राजेश लवानिया ने शिक्षा में एआई के प्रयोग पर व्यवहारिक प्रशिक्षण देते हुए स्मार्ट क्लासरूम, एआई आधारित पाठ योजना निर्माण तथा प्रेजेंटेशन तैयार करने की तकनीकों से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया।
शैक्षिक तकनीकी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि प्रशिक्षुओं ने पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा विभिन्न विषयों से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त कर नई शिक्षण विधियों और प्रविधियों को समझने का अवसर पाया।
कार्यशाला में यशवीर सिंह, कल्पना सिन्हा, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता, हिमांशु सिंह सहित कई शिक्षकों एवं विशेषज्ञों का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर डॉ. प्रज्ञा शर्मा, अनिल कुमार, लक्ष्मी शर्मा, संजीव कुमार सत्यार्थी, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, अबु मोहम्मद आसिफ, यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, रंजना पाण्डेय एवं प्रशासनिक अधिकारी मुकेश सिन्हा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय द्वारा किया गया।