वित्तीय वर्ष 2026-27 की सड़क कार्ययोजना पर मंथन, जनप्रतिनिधियों ने तय की विकास कार्यों की प्राथमिकता - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 9 मई 2026

वित्तीय वर्ष 2026-27 की सड़क कार्ययोजना पर मंथन, जनप्रतिनिधियों ने तय की विकास कार्यों की प्राथमिकता

वित्तीय वर्ष 2026-27 की सड़क कार्ययोजना पर मंथन, जनप्रतिनिधियों ने तय की विकास कार्यों की प्राथमिकता

आगरा। लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना अनुमोदन संबंधी महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनपद के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, सेतु निर्माण और रोड सेफ्टी से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा तथा चौधरी बाबूलाल के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को ई-विश्वकर्मा 2.0 पोर्टल पर अपलोड किया गया है। इन प्रस्तावों में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मिसिंग लिंक एवं इंटर कनेक्टिविटी, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण, अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सड़कों का विकास, राज्य राजमार्गों का विस्तार, अन्य जिला मार्गों का निर्माण, विशेष मरम्मत, नवीनीकरण, रेल उपरिगामी एवं अधोगामी सेतु निर्माण तथा रोड सेफ्टी से जुड़े कार्य शामिल हैं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 150 से अधिक आबादी वाले और एक किलोमीटर से अधिक लंबाई वाले मार्गों को प्राथमिकता दी गई है। वहीं धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले उन मार्गों को भी योजना में शामिल किया गया है, जहां प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं।

बैठक में राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमाओं से जुड़े मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही पिछले वर्ष प्रस्तावित लेकिन स्वीकृति से वंचित रह गए कार्यों को भी नई कार्ययोजना में शामिल करने की जानकारी दी गई।

जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे 12 मई 2026 तक अपने क्षेत्र के सड़क एवं मार्ग प्रस्तावों की प्राथमिकता तय कर उपलब्ध करा दें, ताकि उन्हें अंतिम रूप देकर शासन को भेजा जा सके।

बैठक में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस वर्मा और जीके वार्ष्णेय सहित केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के प्रतिनिधि दिगंबर सिंह धाकरे, सांसद राजकुमार चाहर के प्रतिनिधि सत्येंद्र यादव, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रतिनिधि संजय जैन, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा तथा विधायक बाह रानी पक्षालिका सिंह के प्रतिनिधि संतोष गहलोत सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

video

Pages