बटेश्वर बनेगा भव्य धार्मिक-पर्यटन केंद्र, घाटों पर होगा लाइट एंड साउंड शो और हाईमास्ट लाइटिंग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 9 मई 2026

बटेश्वर बनेगा भव्य धार्मिक-पर्यटन केंद्र, घाटों पर होगा लाइट एंड साउंड शो और हाईमास्ट लाइटिंग

बटेश्वर बनेगा भव्य धार्मिक-पर्यटन केंद्र, घाटों पर होगा लाइट एंड साउंड शो और हाईमास्ट लाइटिंग

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बटेश्वर कॉरिडोर निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश

आगरा। तीर्थधाम बटेश्वर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा कराए जा रहे बटेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर कॉम्पलेक्स, निर्माणाधीन यज्ञशाला, प्रवेश द्वार, मल्टीपरपज हॉल, पाथवे और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने प्रस्तावित मास्टर प्लान और साइट प्लान का अवलोकन कर यमुना घाटों एवं ऐतिहासिक मंदिर श्रृंखला में चल रहे संरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की।

ऐतिहासिक मंदिरों का सहेजा जाएगा इतिहास

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बटेश्वर के सभी मंदिरों के नाम, उनका इतिहास और धार्मिक महत्व स्टोन साइनेज के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक मंदिरों की ऐतिहासिक जानकारी प्राप्त कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि सभी मंदिरों का इतिहास बीजक के रूप में सुरक्षित है और जल्द ही साइनेज लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

घाटों पर बनेगी बनारस जैसी रोशनी व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यमुना घाटों पर बनारस की तर्ज पर हाईमास्ट लाइटिंग, मंदिरों में फसाड लाइटिंग और लाइट एंड साउंड शो की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों के बीच दिखाई देने वाले गैप को समाप्त कर उन्हें एकीकृत रूप देने और एक सेंट्रलाइज्ड पब्लिक अनाउंस सिस्टम स्थापित करने को कहा, जिससे पर्व, स्नान और मेलों के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की जा सकें।

दरवाजों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

प्राचीन मंदिरों के हेरिटेज कंजर्वेशन कार्य के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिरों में लगाए गए दरवाजों की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि काष्ठ कला विशेषज्ञों की सलाह लेकर मंदिरों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले लकड़ी के दरवाजे लगाए जाएं।

टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर और म्यूजियम का भी निरीक्षण

जिलाधिकारी ने सी एंड डीएस द्वारा भारत सरकार की सहायता से बनाए जा रहे टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर, लाइट एंड साउंड शो एरिया, म्यूरल वॉल, टिकट काउंटर, कंट्रोल रूम, आर्केड वॉल, बाउंड्री वॉल, टॉयलेट ब्लॉक, डोरमेट्री, प्रसाद मंडपम और म्यूजियम ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का कार्य 1 अगस्त 2025 से शुरू होकर 1 अगस्त 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने समय से कार्य पूरा करने के लिए मैनपावर और संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने घाटों और मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना भी की।

निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उप जिलाधिकारी बाह विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages