आगरा मंडल में टिकट चेकिंग अभियान तेज: एक महीने में 39 हजार से ज्यादा यात्री पकड़े, 2.59 करोड़ का जुर्माना वसूला
आगरा। भारतीय रेल के आगरा मंडल में अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पूरे मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और रेल खंडों पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में कुल 39,199 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 2.59 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
मंडल प्रशासन द्वारा इसे मिशन मोड में चलाया गया, जिसके तहत रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक और मजिस्ट्रेट चेक जैसे अभियान लगातार संचालित किए गए।
आंकड़ों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करने वाले 19,402 यात्रियों से 1,53,33,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अनियमित यात्रा (गलत टिकट/अधूरी टिकट) करने वाले 19,781 यात्रियों से 1,06,03,850 रुपये वसूले गए। इसके अलावा बिना बुक सामान ले जाने वाले 16 यात्रियों से 11,735 रुपये की वसूली की गई।
इस प्रकार अप्रैल 2026 में कुल 2,59,49,085 रुपये का राजस्व अर्जित हुआ, जो अप्रैल 2025 के 2.34 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 10.68 प्रतिशत अधिक है।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और रेलवे राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो।