आगरा में सपा की रणनीतिक बैठक, युवाओं और पीडीए अभियान के दम पर 2027 फतह का दावा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 18 मई 2026

आगरा में सपा की रणनीतिक बैठक, युवाओं और पीडीए अभियान के दम पर 2027 फतह का दावा

आगरा में सपा की रणनीतिक बैठक, युवाओं और पीडीए अभियान के दम पर 2027 फतह का दावा

आगरा। जनपद आगरा के ट्रांस यमुना फेस-1 क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता, राजनीतिक भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं, समाजसेवियों और मीडिया कर्मियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, युवाओं को राजनीति और सामाजिक मुद्दों के प्रति प्रेरित करना तथा प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करना रहा।

बैठक में 86 एत्मादपुर विधानसभा से चुनाव की तैयारी कर रहे देवेंद्र कुमार जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी लगातार जनता के बीच मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा चलाया जा रहा पीडीए अभियान प्रदेश के हर वर्ग को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा और समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

देवेंद्र कुमार जाटव ने कहा कि आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा जैसी समस्याओं से परेशान है। आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार जनता के मुद्दों से दूर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित और युवाओं की आवाज उठाती रही है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब वोट के माध्यम से देगी।

बैठक में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव ने कहा कि पीडीए अभियान को प्रदेश भर में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। गांव-गांव और शहर-शहर लोग समाजवादी पार्टी की नीतियों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय की राजनीति चाहती है और इसी सोच के साथ समाजवादी पार्टी लगातार जनता के बीच काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील भी की।

समाजसेवी एवं युवा नेता रोहित जयंत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न तो शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और न ही स्वास्थ्य सेवाओं पर पर्याप्त ध्यान दिया जा रहा है। लाखों पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव तभी संभव है जब युवा जागरूक होकर सही नेतृत्व का चयन करेंगे।

बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी और जनता के अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आने वाला समय युवाओं और जागरूक जनता का होगा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।

इस दौरान बैठक में मीडिया कर्मियों की भी सक्रिय मौजूदगी रही। कार्यक्रम में योगेश जाटव, पवन कर्दम, टिंकू जाटव,रोहित जयंत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं मीडिया कर्मियों में पत्रकार मुनीष अल्वी, शाहिद अल्वी, परवेश अल्वी, शाकिर अल्वी, मयुर खान सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

video

Pages