ईमानदारी की मिसाल बनी महिला आरक्षी नेहा, पैसों से भरा बैग लौटाकर जीता महिला का भरोसा
आगरा। “वर्दी सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, भरोसे की पहचान भी है” — इस बात को थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में तैनात यातायात महिला आरक्षी नेहा ने अपने सराहनीय कार्य से सच साबित कर दिखाया। दिनांक 16 मई 2026 को रामबाग चौराहे पर ड्यूटी के दौरान एक महिला राहगीर का पैसों से भरा बैग सड़क पर गिर गया था, जिसे वहां मौजूद महिला आरक्षी नेहा को मिला।
ड्यूटी के दौरान सतर्कता और ईमानदारी का परिचय देते हुए महिला आरक्षी नेहा ने दूर जा रही महिला राहगीर को आवाज लगाकर रोका और बैग के संबंध में जानकारी दी। जांच के बाद उन्होंने पैसों से भरा बैग सुरक्षित महिला को वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ बैग सुरक्षित वापस पाकर महिला भावुक हो उठी और उसने आगरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए महिला आरक्षी की ईमानदारी की जमकर सराहना की।
महिला आरक्षी नेहा के इस सराहनीय कार्य की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने उनके कार्य की प्रशंसा की। पुलिस आयुक्त द्वारा महिला आरक्षी को उत्साहवर्धन हेतु प्रशस्ति-पत्र एवं ₹1,000 की नगद धनराशि देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
आगरा पुलिस की इस मानवीय और भरोसेमंद छवि की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। महिला आरक्षी नेहा का यह कार्य न केवल पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करता है, बल्कि समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश भी देता है।