आगरा नगर निगम का 2202 करोड़ का बजट मंजूर, सड़कों पर 212 करोड़ तो पहली बार डॉग शेल्टर के लिए 1 करोड़ का प्रावधान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 15 मई 2026

आगरा नगर निगम का 2202 करोड़ का बजट मंजूर, सड़कों पर 212 करोड़ तो पहली बार डॉग शेल्टर के लिए 1 करोड़ का प्रावधान

आगरा नगर निगम का 2202 करोड़ का बजट मंजूर, सड़कों पर 212 करोड़ तो पहली बार डॉग शेल्टर के लिए 1 करोड़ का प्रावधान

आगरा नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 2202.86 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट को मंजूरी दे दी गई। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए कई बड़े प्रस्तावों पर सहमति बनी। अब इस बजट को अंतिम मंजूरी के लिए नगर निगम सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रस्तावित बजट के अनुसार शहर के विकास कार्यों पर कुल 1425.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान किया गया है। नगर निगम ने पहली बार डॉग शेल्टर के निर्माण और संचालन के लिए एक करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। वहीं शहर की खराब सड़कों के अनुरक्षण और मरम्मत कार्यों पर 212 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बैठक में सीएम ग्रिड योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा शहर के पार्कों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए पांच करोड़ रुपये तथा नाले-नालियों के निर्माण और सुधार कार्यों के लिए 44 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है।

शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं शासन के निर्देशों के बाद टोरंट पावर से ट्रांसफार्मर आदि मदों में मिलने वाले 431 करोड़ रुपये के किराये को अनावश्यक अधिभार मानते हुए बजट से हटा दिया गया है।

बैठक के दौरान एओ विपिन यादव ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था से नगर निगम की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2024-25 की तुलना में इस मद में निगम को आठ गुना अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं विज्ञापन मद से भी नगर निगम को 9.68 करोड़ रुपये की आय हुई है।

बैठक में 13वें, 14वें और 15वें अधिवेशन की स्थगित बैठकों के साथ 16वें अधिवेशन की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि भी की गई। साथ ही जलकल विभाग के मूल बजट 2026-27 के आय-व्यय पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, एओ विपिन यादव, मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, कार्यवाहक महाप्रबंधक जलकल संघ भूषण सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।

video

Pages