आगरा में राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा का संगम, संभाजी महाराज जन्मोत्सव व रक्तदान शिविर में उमड़ी भीड़
आगरा में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और समाजसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर छावां भारत क्रांति मिशन द्वारा धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज का राष्ट्रीय जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया, वहीं दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री मनीष साहू के जन्मदिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया। दोनों कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य रूप से शामिल हुए।
छावां भारत क्रांति मिशन द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने संस्था पदाधिकारियों के साथ आगरा में स्थापित होने जा रही धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने संभाजी महाराज को राष्ट्र गौरव, वीरता और हिंदू स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विलास पांगरकर, युवा नेता अलौकिक उपाध्याय, महेश शर्मा, सुनील करमचंदानी सहित महाराष्ट्र से आए कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान वक्ताओं ने संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और राष्ट्र रक्षा के लिए दिए गए योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का माहौल बना रहा।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल थाना रकाबगंज के पीछे स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे, जहां भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री मनीष साहू के जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
शिविर में करीब 51 से 60 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं ने समाजसेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।