आगरा के 2442 शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़कर ₹18 हजार, सूरसदन में हुआ सम्मान समारोह
आगरा। आगरा में शिक्षामित्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय में बढ़ोतरी के बाद जनपद के 2442 शिक्षामित्रों का वेतन ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 कर दिया गया है। इस अवसर पर सूरसदन में सम्मान समारोह आयोजित कर शिक्षामित्रों को मानदेय के चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का गोरखपुर से सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रदेश में लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया गया है, जो सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस वृद्धि के लिए सरकार का आभार जताते हुए शिक्षामित्रों को बधाई दी।
उन्होंने शिक्षामित्रों से अपील की कि वे अपने बढ़े हुए मानदेय का उपयोग बच्चों की शिक्षा पर करें, जिससे भविष्य में इसका लाभ कई गुना बढ़कर मिलेगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षामित्रों को मात्र ₹3000 मानदेय मिलता था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर ₹18,000 कर दिया है। उन्होंने “स्कूल चलो अभियान” के तहत अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय लाने और उन्हें बेहतर शिक्षा व संस्कार देने पर जोर दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गोंड, डाइट प्राचार्य अनिरुद्ध सिंह, नगर शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षामित्रों का उत्साह देखने लायक था और सभी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।