रावली पुल पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
आगरा। आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र स्थित रावली पुल पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार कुछ ही पलों में लपटों की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक को जैसे ही आग लगने का आभास हुआ, उसने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार रोककर बाहर निकल गया। चालक के बाहर निकलते ही कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में आग का गोला बन गई। इस घटना के चलते पुल पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते चालक सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।