इंस्टा पोस्ट बना जीवनरक्षक: ब्रेकअप के बाद आत्मघाती कदम उठाने जा रहा छात्र, पुलिस ने समय रहते बचाई जान
आगरा। आगरा में एक 17 वर्षीय छात्र की जान उस समय बच गई, जब सोशल मीडिया पर डाला गया उसका सुसाइड नोट अलर्ट बनकर पुलिस तक पहुंच गया। गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव में आए छात्र ने आधी रात आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
मामला जैतपुर क्षेत्र का है, जहां छात्र ने रात 1:49 बजे अपने Instagram अकाउंट पर मां के नाम एक भावुक संदेश पोस्ट किया। पोस्ट में उसने लिखा कि वह अपनी मौत का कारण बता रहा है और अपनी मां से माफी मांगी। इस पोस्ट के अपलोड होते ही Meta का अलर्ट सिस्टम सक्रिय हुआ और इसकी सूचना तत्काल यूपी पुलिस तक पहुंच गई।
इसके बाद आगरा पुलिस को अलर्ट किया गया और स्थानीय पुलिस टीम को छात्र की लोकेशन पर तुरंत भेजा गया। पुलिस चंद मिनटों में मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर छात्र के हाथ में कीटनाशक दवा की शीशी थी और पास में रस्सी भी रखी हुई थी। समय रहते पुलिस ने उसे रोक लिया और उसकी जान बचा ली।
पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। किसी बात को लेकर विवाद होने पर दोनों का ब्रेकअप हो गया, जिसके चलते वह मानसिक अवसाद में आ गया और आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
पुलिस और परिजनों ने छात्र को समझाया, जिसके बाद उसने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा। इस घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से किसी की जान बचाई जा सकती है।