शमसाबाद में चोरी की दो वारदातों का 24 घंटे में खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चांदी के जेवरात और नकदी बरामद
जनपद आगरा:- थाना शमसाबाद पुलिस और पूर्वी जोन की एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, चोरी किए गए चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है।
बीती 25 मई 2026 को शमसाबाद थाने में एक पीड़ित ने तहरीर दी थी कि 18/19 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उसके घर में घुसकर जेवरात, पीतल के बर्तन और 40,000 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इसी रात चोरों ने पड़ोस के एक अन्य घर को भी निशाना बनाया और वहाँ से 25,000 रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस कमिश्नर, कमिश्नरेट आगरा के निर्देश और पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) अभिषेक अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में चोरों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। मंगलवार 26 मई को जब पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इरादतनगर बाईपास रोड से दो अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विवेक कुशवाहा पुत्र राकेश कुशवाहा निवासी अनाथ आश्रम के पास, कहरई मोड, थाना एकता,लवनेश पुत्र नन्दकिशोर निवासी कहरई मोड, थाना एकता के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 1 अवैध तमंचा,1 जिंदा कारतूस .315 बोर) , सफेद धातु (चांदी) की 1 कौंधनी, 1 तोडिया और 10,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
माल बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार मिलने पर थाना शमसाबाद में उनके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है।
इस कार्यवाही में शमसाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र राव, एसओजी प्रभारी (पूर्वी जोन) एसआई रजत कुमार शर्मा, एसआई जैकब फर्नांडिस, एसआई शुभम राणा, एसआई विपिन कुमार, एसआई अजीत गौतम, एसआई योगेश कनौजिया सहित मुख्य आरक्षी विवेक त्यागी, राजीव पाल, योगेश पाल, विनय कुमार, भरत शर्मा और मोहित कुमार की मुख्य भूमिका रही।