पशु व्यापारियों को बुलाकर लूटने वाले तीन बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, खेड़ा राठौर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
उत्तर प्रदेश पुलिस के थाना खेड़ा राठौर पुलिस ने पशु व्यापारियों के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तेज कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद से दो पशु व्यापारी थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गांव गुमानसिंह पुरा में गाय खरीदने के लिए पहुंचे थे। आरोपियों ने पशु बेचने का झांसा देकर व्यापारियों को सुनसान स्थान पर बुलाया और फिर उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने व्यापारियों पर तमंचों की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और नकदी तथा बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना खेड़ा राठौर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश, नरेंद्र और अरविंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक, तीन अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और लूटे गए तीन हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह गिरोह पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम तो नहीं दे चुका है।
थाना खेड़ा राठौर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।