भाई ही निकला भाई का कातिल: हत्या कर पाइपलाइन के नीचे छिपाया शव, मलपुरा पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 11 मई 2026

भाई ही निकला भाई का कातिल: हत्या कर पाइपलाइन के नीचे छिपाया शव, मलपुरा पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

भाई ही निकला भाई का कातिल: हत्या कर पाइपलाइन के नीचे छिपाया शव, मलपुरा पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

उत्तर प्रदेश पुलिस के कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन में थाना मलपुरा पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने भाई की हत्या कर शव छिपाने की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते हत्या का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर कर दिया गया।

मामला थाना मलपुरा क्षेत्र का है, जहां वादिया द्वारा दिनांक 08 मई 2026 को अपने पति अनीत के अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना मलपुरा में मु0अ0सं0 216/2026 धारा 140(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के भाई मनीष पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपने भाई अनीत की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी मनीष को ग्राम बाईखेड़ा के बाहर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मृतक अनीत का शव रोहता नहर के पास खोदी गई गंगाजल पाइपलाइन के नीचे से बरामद किया गया। शव को छिपाकर आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन थाना मलपुरा पुलिस और एसओजी टीम की सतर्कता के आगे उसकी एक न चली।

विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 140(1) बीएनएस हटाकर धारा 103(1)/238ए बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

video

Pages