ताला तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 2 शातिर चोर गिरफ्तार, भारी मात्रा में आभूषण बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 28 मई 2026

ताला तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 2 शातिर चोर गिरफ्तार, भारी मात्रा में आभूषण बरामद

ताला तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 2 शातिर चोर गिरफ्तार, भारी मात्रा में आभूषण बरामद

जनपद आगरा:- थाना सदर बाजार पुलिस टीम ने बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोहता नहर चौराहे के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। इस गैंग के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, बीती 25 मई को वादी (पीड़ित) ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई की रात को अज्ञात चोरों ने सेवला सराय (नगला परसोती) स्थित उनके बंद मकान का ताला तोड़कर सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने इस मामले में धारा 305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था।

27 मई को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रोहता नहर चौराहे के पास से दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ टिन्नी निवासी नगला सेखपुर, इरादतनगरऔर सनी उर्फ चेला निवासी नगला बझेरा, आगरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों सूरज उर्फ बनवारी और इमरान उर्फ भोला—के साथ मिलकर लोहे की रॉड से ताला तोड़कर इस चोरी को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार चोरों के पास से पुलिस ने शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद करने का दावा किया है। पीली धातु (सोना) 04 बालियां, 01 टीका, 01 अंगूठी, सफेद धातु (चांदी) 03 पायल, 01 कंदौनी,नकदी 370 रुपए नगद मिले हैं। 

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी राहुल एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना सदर बाजार, रकाबगंज और ताजगंज में चोरी, लूट की योजना, धोखाधड़ी (420/467/468) और आर्म्स एक्ट सहित 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सनी पर भी मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। फरार चल रहे दोनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

कार्यवाही के दौरान प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह, एसआई मोहित कुमार मलिक, एसआई सचिन कुमार, एसआई मोहित चौधरी, एसआई आकाश धामा, कांस्टेबल प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।

video

Pages