आगरा: अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह को भावभीनी विदाई, 32 वर्ष की सेवा का गौरवपूर्ण समापन
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट में तैनात अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह के 32 वर्षों के गौरवपूर्ण सेवाकाल पूर्ण होने पर गुरुवार को एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल क्लार्क शिराज में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
समारोह में अनुपमा कुलश्रेष्ठ, दीपक कुमार सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राम बदन सिंह के परिवारजन भी शामिल हुए और इस खास अवसर के साक्षी बने।
अपने सेवाकाल के दौरान राम बदन सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1994 में पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद उन्होंने भदोही और गाजीपुर जैसे जनपदों में कमान संभालते हुए जनसेवा की मिसाल पेश की। इसके अलावा ईडी, एसटीएफ और नोएडा में डीसीपी के रूप में भी उन्होंने सराहनीय कार्य किया।
वर्तमान में आगरा में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर रहते हुए उन्होंने सुरक्षा, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए। पुलिस भर्ती, आईजीआरएस, क्राइम कंट्रोल और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में उनके नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा।
उनकी बहादुरी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें तीन बार ‘पीएमजी (Police Medal for Gallantry)’—वर्ष 2007, 2009 और 2010 में—सम्मानित किया गया। साथ ही डीजी कमेंडेशन डिस्क के सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम सम्मान से भी नवाजा गया।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां हर किसी ने उनके योगदान को सराहा और यादगार विदाई दी।