जयमाला से पहले बवाल: “ये मेरा पति है” कहकर पहुंची महिला, दूल्हा भागा—आखिरकार बदला दूल्हा, दूसरी शादी संपन्न - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 3 मई 2026

जयमाला से पहले बवाल: “ये मेरा पति है” कहकर पहुंची महिला, दूल्हा भागा—आखिरकार बदला दूल्हा, दूसरी शादी संपन्न

जयमाला से पहले बवाल: “ये मेरा पति है” कहकर पहुंची महिला, दूल्हा भागा—आखिरकार बदला दूल्हा, दूसरी शादी संपन्न

आगरा। जनपद के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस समय फिल्मी घटनाक्रम में बदल गया, जब जयमाला से ठीक पहले एक महिला ने स्टेज पर पहुंचकर दूल्हे को अपना पति बता दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दूल्हा मौके से भाग खड़ा हुआ। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद शादी टूट गई और दुल्हन की शादी वहीं मौजूद दूसरे युवक से करा दी गई।

जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के टूंडला से बारात एत्मादपुर के एक मैरिज हॉल में पहुंची थी। दूल्हा जितेंद्र बघेल मंगलम सिटी का निवासी बताया जा रहा है। लग्न और अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं और जयमाला की तैयारी चल रही थी। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर आमने-सामने आए, तभी चार गाड़ियों से कुछ लोग पहुंचे और उनके साथ आई एक महिला सीधे मंच पर चढ़ गई।

महिला को देखते ही दूल्हा घबरा गया और वरमाला फेंककर स्टेज से भाग गया। महिला ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा—“ये मेरा पति है।” इसके बाद डीजे बंद हो गया और पूरे पंडाल में सन्नाटा छा गया। बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दूल्हे के पिता और बड़े भाई को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पूछताछ के दौरान मामले में नया मोड़ आया, जब दूल्हे के बड़े भाई नेम सिंह ने दावा किया कि वह महिला उसकी पत्नी है, दूल्हे की नहीं।

नेम सिंह के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2018 में उस महिला से हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी और उसके छोटे भाई (दूल्हे) के बीच संबंध हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि महिला उसे बदनाम कर छोटे भाई से शादी करना चाहती है।

इधर, शादी समारोह में दुल्हन पक्ष गहरे सदमे में था। घंटों तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने यह शादी तोड़ने का फैसला लिया। इसके बाद परिवार ने त्वरित निर्णय लेते हुए उसी समारोह में मौजूद एक परिचित युवक से दुल्हन की शादी करा दी, जो सादगी के साथ संपन्न हुई।

थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के अनुसार, महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला ने दूल्हे पर दूसरी शादी का आरोप लगाया है। दूल्हा मौके से फरार है, जबकि उसके पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और अभी तक दुल्हन पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

video

Pages