कमिश्नरेट आगरा पुलिस का विशेष अभियान, 45 ड्रंक ड्राइविंग व 195 मॉडिफाइड साइलेंसर वाहनों पर कार्रवाई
आगरा। कमिश्नरेट आगरा में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा शासन के निर्देशों के क्रम में “ड्रंक ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न” के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान जनपद के विभिन्न टोल प्लाजा एवं प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग के रूप में संचालित किया गया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात सुरेंद्र कुमार एवं सहायक पुलिस आयुक्त यातायात के नेतृत्व में संबंधित थाना पुलिस एवं अन्य पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत थाना सैंया, अछनेरा, एत्मादपुर, फतेहाबाद एवं खंदौली क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग की गई। टोल प्लाजा पर वाहनों की गति धीमी होने के कारण वहां प्रभावी रूप से ड्रंक ड्राइविंग चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रमुख मार्गों एवं स्थानों पर भी वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही परिवार सहित यात्रा कर रहे यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और सुरक्षित यात्रा के लिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 45 ड्रंक ड्राइविंग, 195 मॉडिफाइड साइलेंसर एवं 180 प्रेशर हॉर्न के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की गई।
“मीट एंड ग्रीट अभियान” के अंतर्गत विभिन्न टोल प्लाजा पर यात्रा कर रहे परिवारों एवं अन्य यात्रियों से पुलिस अधिकारियों ने संवाद किया। सैंया टोल प्लाजा पर मुख्य रूप से ग्वालियर से दिल्ली की ओर यात्रा कर रहे परिवारों से मुलाकात कर उन्हें यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। बच्चों को पानी की बोतल, टॉफी एवं चॉकलेट वितरित कर सकारात्मक संदेश दिया गया, जिसकी यात्रियों ने सराहना की।
चेकिंग के दौरान कई अवैध खनन वाहन फर्जी नंबर प्लेट लगाकर संचालित होते पाए गए, जिनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज किया गया। साथ ही कई वाहनों के डीजल एवं आरसी जब्त किए गए तथा लंबित चालान वाले वाहनों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यात्रियों ने पुलिस की इस सक्रियता एवं मानवतावादी पहल की सराहना करते हुए ऐसे अभियानों को नियमित रूप से संचालित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
अभियान के दौरान एक मामले में बस चालक शराब के नशे में पाया गया, जिसके चलते यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक चालक की व्यवस्था कर बस को गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। वहीं एक अन्य मामले में बस परिचालक के खिलाफ भी नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
आगरा यातायात पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्वयं सुरक्षित रहें, अपने परिवार को सुरक्षित रखें एवं यातायात नियमों का पालन अवश्य करें।