मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, नाग देवता की मूर्ति सहित सामान बरामद
आगरा के थाना न्यू आगरा पुलिस को मंदिर चोरी की घटना में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के अरविन्द नगर स्थित शिव मंदिर से नाग देवता की मूर्ति चोरी करने वाले अभियुक्त को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की नाग देवता की मूर्ति, तीन घंटियां तथा एक ज्योत बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार वादी द्वारा थाना न्यू आगरा में सूचना दी गई थी कि दिनांक 09 मई 2026 की शाम अरविन्द नगर स्थित मंदिर से नाग देवता की मूर्ति चोरी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू आगरा पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 184/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए थाना न्यू आगरा पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 11 मई 2026 को वन विभाग के गेट के पास से अभियुक्त रोहित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 09 मई की शाम करीब 4 बजे अरविन्द नगर, टैगोर नगर दयालबाग स्थित शिव मंदिर से उक्त सामान चोरी किया था। आरोपी चोरी किए गए पीली धातु के सामान को बेचने के लिए ग्राम मऊ जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
थाना New Agra पुलिस की तत्परता और सक्रिय कार्रवाई से मंदिर चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने पर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।