ऑपरेशन कनविक्शन:बरहन पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट और पुलिस पर फायरिंग के आरोपी को 5 वर्ष का कठोर कारावास - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 11 मई 2026

ऑपरेशन कनविक्शन:बरहन पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट और पुलिस पर फायरिंग के आरोपी को 5 वर्ष का कठोर कारावास

ऑपरेशन कनविक्शन:बरहन पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट और पुलिस पर फायरिंग के आरोपी को 5 वर्ष का कठोर कारावास

जनपद आगरा:- ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बरहन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2018 में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट की घटना में शामिल अभियुक्त नीटू उर्फ नीतू शर्मा को माननीय न्यायालय ने दोषी करार देते हुए 05 वर्ष के सश्रम कारावास और 2000 रुपये के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।

घटना 30 नवंबर 2018 की है, जब तत्कालीन थाना प्रभारी बरहन, नवीन कुमार की टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त विनय श्रोतिया घायल हुआ था, जिसे मौके से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, लूटे हुए जेवरात, मोबाइल और नकदी बरामद हुई थी। इस दौरान उसका साथी नीटू मौके से फरार होने में सफल रहा था।  जिसके खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नीटू शर्मा को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जाँच के दौरान पुलिस ने पुख्ता सबूत और गवाहों को एकत्रित किया। विवेचना के आधार पर 19 दिसंबर 2018 को चार्जशीट दाखिल की गई।

पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी की गई। अभियोजन पक्ष मॉनिटरिंग सेल और कोर्ट पैरोकार ने गवाहों की समय पर गवाही सुनिश्चित की। दूसरे अभियुक्त विनय श्रोतिया की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो चुकी है।

सोमवार को माननीय एडीजे कोर्ट संख्या-03 आगरा ने सबूतों और गवाहों के मद्देनजर नीटू उर्फ नीतू शर्मा (निवासी कृष्णापुर टूंडला) को दोषी पाया। कोर्ट ने उसे 5 साल की कठोर जेल की सजा सुनाई। आगरा पुलिस का कहना है कि यह सजा समाज में कानून का इकबाल बुलंद करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

सजा दिलाने में विशेष रूप से पी.ओ. अमन प्रसाद मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार और कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल हरिओम अवस्थी की सराहनीय भूमिका रही।

video

Pages