आगरा: 8 साल से फरार 3 वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, बाह पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 1 मई 2026

आगरा: 8 साल से फरार 3 वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, बाह पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता

आगरा: 8 साल से फरार 3 वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, बाह पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता

आगरा में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाह पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2018 से फरार 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे वारंटी गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, मा. उच्च न्यायालय इलाहाबाद में विचाराधीन फौजदारी अपील संख्याओं (1770/87 व 1761/87) से संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। प्रारंभिक दबिश में अभियुक्तों के घर पर ताला लगा मिला, जिसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

सूचना के अनुसार, मुख्य अभियुक्त रामप्रकाश उर्फ पुत्ती अपने बेटे की ससुराल सोरों, कासगंज में छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अन्य दो फरार अभियुक्तों—ओमप्रकाश उर्फ कल्ली और जयप्रकाश उर्फ पिंटू—के ठिकानों की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने लोनी, गाजियाबाद के भोपपुरा बॉर्डर से ओमप्रकाश उर्फ कल्ली को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे अभियुक्त जयप्रकाश उर्फ पिंटू को आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई चौकी इलाके से गिरफ्तार किया गया।

तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

video

Pages