सिकंदरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट में वांछित गैंग लीडर समेत 4 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
जनपद आगरा:- थाना सिकंदरा पुलिस और सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना (गैंग लीडर) सहित कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ये सभी आरोपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे थे।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिकंदरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार को पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद और मुखबिर की सटीक सूचना पर बिचपुरी रोड स्थित अंसल टाउन के पास घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को दबोच लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रहलाद निवासी सुरौठी अछनेरा,धीरज कुमार निवासी डावली किरावली,बलदाऊ निवासी तुरकिया अछनेरा,रवि उर्फ रविन्द्र निवासी तुरकिया अछनेरा के रूप में हुई है।
पकड़े गए अभियुक्त बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। गैंग लीडर प्रहलाद और उसके साथियों पर आगरा के विभिन्न थानों अछनेरा, सिकंदरा, फतेहपुर सीकरी, जगदीशपुरा में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह संगठित होकर दोपहिया वाहनों की चोरी करता था और उन्हें बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।