सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
जनपद आगरा:- सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के चक्कर में अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ आगरा पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना न्यू आगरा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने तमंचा लहराते हुए नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक युवक हाथ में अवैध तमंचा लेकर नाचते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशों पर सोशल मीडिया की निगरानी कर रही टीम ने इस वीडियो का संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान की।
थाना न्यू आगरा की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वीडियो में दिख रहा युवक आनंदी भैरव के जंगल के पास मौजूद है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और जयवीर दिवाकर निवासी विद्यानगर, तिकोना पार्क को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले या शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।