आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, असली जैसे दिखने वाले 500 के नोटों संग युवक गिरफ्तार
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500 रुपये के असली जैसे दिखने वाले नोटों की 80 गड्डियां बरामद हुई हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ये नोट कहां से लाया था और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी, छिनैती, अवैध तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिदेशक रेलवे के आदेश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के पर्यवेक्षण और पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग आगरा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक रेलवे आगरा द्वारा की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार 13 मई को थाना प्रभारी जीआरपी आगरा कैंट के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 दिल्ली साइड पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 500 रुपये के असली जैसे दिखने वाले नोटों के 8 पैकेट, यानी कुल 80 गड्डियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरजोत पुत्र जसविंदर निवासी वार्ड नंबर-08, रोझा, थाना लूनकरन, जिला बीकानेर, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 127/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338 और 336(3) में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन असलीनुमा नोटों के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप कुमार, कांस्टेबल उदयप्रताप, प्रेमशंकर भारद्वाज, मनोज कुमार, राहुल अत्री (RPF) और संदीप नगाईच की अहम भूमिका रही।