एत्मादपुर पुलिस ने किया झूठी चोरी की घटना का खुलासा, कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 15 मई 2026

एत्मादपुर पुलिस ने किया झूठी चोरी की घटना का खुलासा, कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

एत्मादपुर पुलिस ने किया झूठी चोरी की घटना का खुलासा, कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

आगरा के थाना एत्मादपुर पुलिस ने झूठी चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी ने खुद ही कंपनी का कलेक्शन गायब कर लूट और चोरी की झूठी कहानी रच दी थी।

पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को वादी राजू पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी निहाल, थाना सैंया ने थाना एत्मादपुर में तहरीर दी थी कि वह बंधन इंडिया फिन क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड,एत्मादपुर शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समूह बनाकर ऋण वितरण किया जाता है और कर्मचारी क्षेत्र से कैश कलेक्शन कर शाखा में जमा करते हैं।

वादी ने बताया कि कंपनी का कर्मचारी ओमवीर 11 मार्च 2026 को क्षेत्र में कलेक्शन के लिए गया था। आरोप है कि ग्राम लखनामई के पास उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद वह सड़क किनारे बेहोश हो गया। होश आने पर उसके बैग में रखे करीब 1 लाख 2 हजार रुपये गायब मिले। इस सूचना पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना और गहन पूछताछ के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच में सामने आया कि कथित चोरी की पूरी घटना झूठी थी और कर्मचारी ओमवीर ने ही रुपये गायब किए थे।

पुलिस ने 13 मई 2026 को आरोपी ओमवीर पुत्र प्रमोद कुमार निवासी नगला श्री कृष्णा शाह नगर टिमरुआ, थाना सिकरौली, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए रुपयों में से 60 हजार रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी और कंपनी से मिलने वाला 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन खर्चों के लिए पर्याप्त नहीं था। इसी कारण उसने कंपनी के कलेक्शन के रुपये हड़पने की योजना बनाई और खुद को बेहोश दिखाकर झूठी लूट की कहानी रच दी। आरोपी ने बताया कि उसने रुपये छिपाकर रख दिए थे और लोगों को शक न हो इसलिए सड़क किनारे जाकर लेट गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 42 हजार रुपये खर्च कर चुका था, जबकि शेष 60 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

video

Pages