चौराहों पर अब नहीं लगेगा जाम, 50 मीटर तक बनेगा नो-एनक्रोचमेंट और पार्किंग फ्री ज़ोन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 21 मई 2026

चौराहों पर अब नहीं लगेगा जाम, 50 मीटर तक बनेगा नो-एनक्रोचमेंट और पार्किंग फ्री ज़ोन

चौराहों पर अब नहीं लगेगा जाम, 50 मीटर तक बनेगा नो-एनक्रोचमेंट और पार्किंग फ्री ज़ोन

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार ने बुधवार को मधुनगर चौराहा और बसई चौराहा का आकस्मिक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चौराहों के आसपास कई वाहन खड़े मिले और अतिक्रमण की स्थिति दिखाई दी, जिस पर पुलिस आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताई।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर के प्रत्येक प्रमुख चौराहे के चारों ओर 50 मीटर क्षेत्र को प्रत्येक दिशा में “नो-एनक्रोचमेंट और पार्किंग जोन” घोषित किया जाए। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की ठेल-ठेली, अतिक्रमण या वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने संबंधित एसीपी, यातायात अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान चौराहों के आसपास 50 मीटर के दायरे में मौजूद अतिक्रमण हटाया गया और दुकानदारों व स्थानीय नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।

इसके बाद पुलिस आयुक्त ने ऑनलाइन बैठक कर सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी एसीपी अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्त चौराहों को चिन्हित कर थाना प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर विशेष यातायात अभियान चलाएंगे, ताकि हर दिशा में जाम की स्थिति समाप्त की जा सके।

पुलिस कमिश्नरेट ने यह भी स्पष्ट किया कि ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, स्टंटबाजी, ड्रिंक एंड ड्राइव, ट्रिपलिंग, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, ओवर स्पीडिंग, नो-एंट्री और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages