गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा, परिजनों ने आगरा पुलिस का जताया आभार
आगरा। थाना शमशाबाद पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास करते हुए एक गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। युवक के सकुशल मिलने पर परिवारीजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए आगरा पुलिस का धन्यवाद किया और पुलिस टीम की सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अप्रैल 2026 को थाना शमशाबाद में वादी द्वारा तहरीर दी गई थी कि उसका भाई 14 अप्रैल 2026 को अपने काम से घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बावजूद जब युवक का कोई पता नहीं चला तो थाना शमशाबाद में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शमशाबाद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास शुरू किए। पुलिस द्वारा कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया और सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न माध्यमों से युवक की तलाश की गई। पुलिस टीम की मेहनत रंग लाई और दिनांक 19 मई 2026 को गुमशुदा युवक को वृंदावन, जनपद मथुरा के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने परिजन को सकुशल वापस पाकर परिवार की आंखें खुशी से नम हो गईं और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए आगरा पुलिस की जमकर प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र राव, उपनिरीक्षक जैकब फर्नांडिस, उपनिरीक्षक शुभम राणा तथा उपनिरीक्षक योगेश कनौजिया की विशेष भूमिका रही।