ट्रांस यमुना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, राज चौहान हत्याकांड का वांक्षित आरोपी गिरफ्तार
जनपद आगरा:- ताजनगरी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ट्रांस यमुना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने क्षेत्र के चर्चित एस.एन. स्टे गेस्ट हाउस में हुई राज चौहान की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा के दिशा-निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान, सोमवार को पुलिस टीम को सटीक सूचना प्राप्त हुई। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने घेराबंदी कर हिमांशु को 100 फुटा रोड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी हिमांशु जाटव गली नंबर 8 जगजीवन नगर टेढ़ी बगिया का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह राज चौहान की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 धारा 103(1), 61(2)क, 3(5), 190, 191(2), 191(3) बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
इस सफल ऑपरेशन को थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में एसआई प्रवीन कुमार, एसआई हिमांशु सैनी, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, हर्ष कुमार व ईशू चौधरी शामिल रहे।